1 min read

हाथरस। वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप (ADIP) योजना के तहत जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में एल्मिको (ALIMCO) की ओर से समस्त विकास खंडों, नगर पालिका और नगर पंचायतों में विशेष चिन्हांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन शिविरों में बुजुर्गों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, छड़ी (वॉकिंग स्टिक), चश्मा आदि सहायक उपकरण पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। प्रत्येक विकास खंड में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शिविर लगेंगे। विकास खंड मुरसान व हसायन में 18 जून, विकास खंड सादाबाद व सहपऊ में 19 व 20 जून, नगर पालिका हाथरस में 21 जून, विकास खंड सासनी में 21 व 22 जून तथा विकास खंड सिकंदराराऊ में 22 जून को शिविर आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुँच कर इस सरकारी योजना का लाभ उठाएँ। इसके लिए लाभार्थी को आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र एवं बैंक खाता विवरण जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ ले जाने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों की सफलता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

Share the news