1 min read

हाथरस। श्री संकट मोचन इंटर कॉलेज अण्डौली के कक्षा आठ के दो विद्यार्थियों नैतिक कुमार सिंह पुत्र हेमन्त कुमार निवासी शहबाजपुर और अलफेज पुत्र दिलशाद निवासी महेवा ने ईमानदारी की मिसाल पेश की।

20 नवंबर को विद्यालय के मुख्य द्वार पर दोनों विद्यार्थियों को 1600 रुपये पड़े मिले। उन्होंने बिना लालच किए धनराशि विद्यालय के खोया-पाया विभाग में जमा करा दी। विद्यालय प्रशासन की सूचना पर पता चला कि रुपये कक्षा 11 के छात्र रजत कुमार के थे। इसके बाद पूरी धनराशि उसे वापस कर दी गई। विद्यार्थियों के इस कार्य पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता जताई।

लोकेश कुमार दीक्षित ने दोनों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करना भी है। विद्यालय की ओर से दोनों विद्यार्थियों को ईमानदारी एवं नैतिकता सम्मान के प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि दोनों विद्यार्थी अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Share the news