हाथरस। सासनी क्षेत्र में अलीगढ़-आगरा मार्ग पर बाबा ढाबा के पास एक आवारा कुत्ते को बचाने के प्रयास में टेंपो और बाइक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना गुरुवार रात करीब साढ़े दस बजे हुई। बताया जाता है कि सड़क पर अचानक एक आवारा कुत्ता आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में टेंपो और बाइक चालकों ने नियंत्रण खो दिया और दोनों आमने-सामने जा टकराए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और टेंपो के परखच्चे उड़ गए। दोनों वाहनों पर सवार आगरा निवासी सोनू पुत्र मुकेश तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पाकर इलाका पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को बिना किसी देरी के एंबुलेंस द्वारा नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
