हाथरस। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने क्षेत्र में अलग-अलग जगहों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
बृहस्पतिवार को टीम ने सबसे पहले सासनी के विजयगढ़ रोड स्थित टेकचंद्र से दूध का नमूना जांच के लिए लिया। दूध में मिलावट की शिकायतों के मद्देनजर यह नमूना लिया गया है। इसके बाद प्राप्त शिकायत के क्रम में खाद्य सुरक्षा टीम ने मेंडू निवासी रविकांत गुप्ता से रबड़ी का नमूना भी लिया। इस दौरान टीम ने साफ-सफाई और गुणवत्ता के मानकों की भी जांच की।
टीम ने मॉडल प्राइमरी विद्यालय रुहेरी में एमडीएम की जांच की। यहां से तैयार रोटी और तैयार दाल के सर्वे नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि किसी भी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य टीम में ओमकार कुशवाहा और डॉ विकास शामिल रहे। टीम ने दुकानदारों और खाद्य विक्रेताओं को भी गुणवत्ता के मानकों का पालन करने की चेतावनी दी है।
