1 min read

हाथरस। सासनी-नानऊ मार्ग पर गांव नया नगला के पास सड़क किनारे बंधी भैंस से टकराकर एक ई-रिक्शा पलट गया। इस हादसे में रिक्शा सवार एक वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि चालक सहित दो अन्य को मामूली चोटें आईं। घटना में ई-रिक्शा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब एक बजे का यह मामला है। ग्राम सीकुर निवासी सोबरन सिंह की पत्नी मीरा देवी किसी काम से ई-रिक्शा में सवार होकर अपने गांव से सासनी आ रही थीं। जैसे ही रिक्शा गांव नया नगला में श्री हनुमान जी मंदिर के पास पहुंचा, वह अचानक सड़क किनारे बंधी भैंस से टकराकर अनियंत्रित हो गया और पलट गया।

हादसे में ई-रिक्शा में बैठी मीरा देवी सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गईं। वहीं रिक्शा चालक और एक अन्य महिला को मामूली चोटें आईं, जिन्होंने निजी अस्पताल में अपना उपचार कराया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

ग्रामीणों ने तुरंत एक निजी वाहन की मदद से घायल वृद्धा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

Share the news