हाथरस। दिव्यांग मतदाताओं को मुख्यधारा में लाने और उनके मताधिकार को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाया है। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय एवं विधानसभा क्षेत्र स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें दिव्यांगजनों को मतदाता सूची में शामिल करने हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी दिव्यांगजन, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर नवीन मतदाता सूची में जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी दिव्यांग व्यक्ति को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची से छूटे दिव्यांगजनों को चिन्हित करने के साथ-साथ उनके आधार कार्ड एवं यूनिक आईडी (यूडीआईडी) बनाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए, ताकि उनका मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) बनाया जा सके।

सीडीओ ने कहा कि 1 जुलाई 2026, 1 अक्टूबर 2026 तथा 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले दिव्यांगजनों को भी प्राथमिकता से चिन्हित कर उनके नाम मतदाता सूची में जोड़े जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे ऐसे लाभार्थी, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, उनके नाम भी प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में दर्ज किए जाएँ।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को दिव्यांग व्यक्तियों के यूडीआईडी एवं आधार कार्ड 100% बनवाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से उन्हें विभिन्न सुविधाओं, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के भी निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि दिव्यांगजनों को मतदान प्रक्रिया में पूरी सहूलियत देने के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ भी सुनिश्चित की जाएँगी।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *