हाथरस। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को सासनी स्थित मुहल्ला पथवारी मंदिर के निकट श्री पूर्णानंद आयुर्वेदिक चिकित्सालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता नीमा के जिलाध्यक्ष डॉ वीरेंद्र कुमार ने की।
बैठक का मुख्य एजेंडा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियाँ तथा संगठन के आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाना रहा। जिले के तमाम आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने इस बैठक में भाग लिया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज परिसर में किया जाएगा। इस आयोजन की सारी जिम्मेदारी जिला महासचिव डॉ लोकेश शर्मा को सौंपी गई है।
जिला महासचिव डॉ लोकेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम 21 जून रविवार को सुबह साढ़े सात बजे से प्रारंभ होगा। उन्होंने सभी आयुर्वेदिक चिकित्सकों एवं योगप्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुँचने की अपील की।
संगठन की मजबूती पर चर्चा करते हुए कोषाध्यक्ष वैद्य पुनीत अग्निहोत्री ने कहा कि जिले में नीमा का विस्तार किए जाने की आवश्यकता है, ताकि अधिक से अधिक आयुर्वेदिक चिकित्सक इससे जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते संगठन के संविधान के अनुसार समय पर चुनाव प्रक्रिया पूरी करने पर भी बैठक में गहन विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान नीमा से जुड़े तमाम आयुर्वेदिक चिकित्सक उपस्थित रहे।
