1 min read

हाथरस। मुरसान क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे आकाशीय बिजली गिरने से 33 केवी के विद्युत उपकेंद्र को बड़ा नुकसान पहुंचा है। तेज धमाके के साथ उपकेंद्र की बैटरी फट गई, जिससे कंट्रोल रूम समेत कई महत्वपूर्ण उपकरण चटक गए। हादसे के चलते सैकड़ों गांवों की बिजली गुल हो गई, जिससे लोग परेशान हैं।

जानकारी के अनुसार, तड़के करीब 3:30 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिरने से पूरा उपकेंद्र हिल गया। इसके साथ ही जोरदार धमाका हुआ और बैटरी फट गई। कंट्रोल पैनल समेत कई अहम उपकरण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।

हादसे के बाद उपकेंद्र से जुड़े कई गांवों और इलाकों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। लोगों को पानी से लेकर खाने-पीने तक की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और क्षति का जायजा लेकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी को जल्द से जल्द ठीक कर बिजली बहाल कर दी जाएगी। फिलहाल लोग ठप बिजली से जूझ रहे हैं।

Share the news