हाथरस। जनता की शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि आईजीआरएस पोर्टल, आरटीआई प्रकरण, आयोग संदर्भ और जनता दर्शन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का वास्तविक, संतोषजनक और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए शिकायतकर्ता से सीधा संपर्क कर उसकी समस्या को पूरी तरह समझने के बाद ही निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि महज फाइलों का निपटान नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि ही मापदंड होनी चाहिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई प्रकरण किसी विभाग से संबंधित नहीं है, तो उसे तत्काल सक्षम विभाग को प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के अंदर सटीक और संतोषजनक जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य है। विशेष रूप से आरटीआई के अलावा अन्य मामलों में भी समय-सीमा का पालन करना सुनिश्चित किया जाए।

सीडीओ ने चेतावनी देते हुए कहा कि आयोग से संबंधित प्रकरणों में समय पर जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण आख्या प्रेषित की जाए। किसी भी अधिकारी की ओर से होने वाली शिथिलता पर जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *