अमित राज शर्मा
हाथरस। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। शहर से लेकर गाँव देहात तक के शिवालयों में श्रद्धालू मंदिरों की साफ़ सफाई सजावट आदि कर रहे हैं। महादेव का श्रृंगार किया जा रहा है।
कांवड़ियों की टोलियां गंगाजी से गंगा जल लेकर महादेव का अभिषेक करने के लिए अपने गंतव्य पर पहुंच रहे हैं। कांवड़ियों के विश्राम के लिए जगह जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं। प्रशासन के साथ समाजसेवी इन शिविरों का संचालन कर रहे हैं। इन शिविरों में कांवड़ियों के विश्राम के साथ साथ मेडिकल किट एवं सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई हैं। पूरा वातावरण शिवमय हो गया है।
कांवड़ियों की टोलियां घुँघरू की आवाज से पूरे माहौल को भक्तिमय बना रही हैं। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी कांवड़ियों के रुट के साथ साथ सेवा शिविरों का भी निरीक्षण कर रहे हैं। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। हाथरस नगर के गोपेश्वर महादेव, बाबुलनाथ महादेव, चौबे वाले महादेव, गायत्री शक्तिपीठ के प्रज्ञेश्वर महादेव, सादाबाद के वैजनाथ महादेव आदि मंदिरों को भक्त सजा रहे हैं।
कांवड़ियों से संवाद करते सादाबाद उपजिलाधिकारी संजय कुमार व पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु माथुर