हाथरस। महिला थाना हाथरस में इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने यूपी बोर्ड की परीक्षा में टॉपर रहीं दीक्षा (शिवाय इंटर कॉलेज, सादाबाद) और मीरा (एसएनएसबी इंटर कॉलेज, मेंडू) को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।दीक्षा ने 94.20 प्रतिशत और मीरा ने 89.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और शिक्षा ही आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त माध्यम है।उन्होंने छात्राओं को निरंतर मेहनत करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और अपने करियर को लेकर सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं से संवाद कर उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली और रुचि के अनुसार क्षेत्र चुनने की सलाह दी।
कार्यक्रम में अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की गई। छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया।
