हाथरस। भारतीय किसान यूनियन (चरण सिंह गुट) के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र सिंह के नेतृत्व में किसानों ने सदर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कई गंभीर समस्याएं उठाईं। किसानों ने सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को तत्काल हटाने, फसल नुकसान की सही पैमाइश कराने और बैंक ऋण की वसूली पर रोक लगाने की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि गांव पिहरी ताजपुर में कुछ लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। वहीं गांव गोपालपुर बरामई में भी भूमि माफियाओं द्वारा सरकारी जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगाए गए हैं।
किसान नेताओं का कहना है कि इन मामलों में प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।किसानों ने यह भी कहा कि पिछले माह हुई अत्यधिक बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन लेखपालों द्वारा सही रिपोर्ट तैयार नहीं की गई। गलत आकलन के चलते किसानों को मुआवजा नहीं मिल पा रहा है।किसानों ने मांग की कि फसल नुकसान का पुनः सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए और वर्तमान स्थिति को देखते हुए किसानों के बैंक ऋण की वसूली तत्काल प्रभाव से स्थगित की जाए। रवींद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन को और तेज करेंगे।
