हाथरस। बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में अब मरीजों को आपात स्थिति में त्वरित ऑक्सीजन सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री केयर्स फंड से निर्मित ऑक्सीजन प्लांट पर प्रेशर बूस्टर सिस्टम की शुरुआत हो गई है। इससे अस्पताल परिसर में ही ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग हो सकेगी, जिससे समय की बचत होगी और बाहरी एजेंसियों पर निर्भरता घटेगी।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह और जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस व्यवस्था का उद्घाटन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने बताया कि इस सिस्टम से ऑक्सीजन प्लांट से सीधे सिलेंडर भरे जा सकेंगे, जिससे आपातकालीन हालात में मरीजों को जल्द राहत मिलेगी।
इसके बाद अतिथियों ने एमडीटीवी अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि बढ़ती मरीज संख्या को देखते हुए इमरजेंसी कक्ष का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अधिक गंभीर मरीजों को बेहतर और जल्द इलाज मिल सकेगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ वेद प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सूर्य प्रकाश समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
