हाथरस। शहर के प्रतिष्ठित मिठाई कारोबारी और “हन्नो लाला रबड़ी वाले” के संचालक कृष्णा वार्ष्णेय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना-पत्र देकर तीन लोगों पर व्यवसायिक रंजिश के तहत अवैध वसूली, जान से मारने की धमकी, मानसिक प्रताड़ना तथा गोदाम पर कब्जे की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। व्यापारी ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई और परिवार को पुलिस सुरक्षा देने की मांग की है।
मालिन गली निवासी कृष्णा वार्ष्णेय ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि उनकी दुकान शहर में प्रसिद्ध है, जबकि डिब्बा गली, नयागंज स्थित गोदाम में माल रखा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब एक साल से प्रमोद चक्रपाणि व दो अन्य लोग व्यवसायिक रंजिश के चलते उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। आरोपित न सिर्फ उनका कारोबार बंद कराने और गोदाम पर कब्जा करने की फिराक में हैं, बल्कि हर महीने 50 हजार रुपये की चौथ भी मांग रहे हैं।
शिकायत में कहा गया कि रकम न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है और मानसिक दबाव बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, 29 जून 2026 की शाम करीब सात बजे तीनों आरोपित गोदाम पर पहुंचे और दुकान बंद करने अथवा 50 हजार रुपये मासिक देने की मांग की। विरोध करने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद व्यापारी और उनका परिवार भय और तनाव में है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ एफआईआर, कठोर कानूनी कार्रवाई और परिवार को पुलिस संरक्षण प्रदान करने की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल गई है, मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
