1 min read

हाथरस। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर सिकंदराराऊ विधानसभा के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा के तहसील सिकंदराराऊ के ग्राम बोनई स्थित आवास पर संगठनात्मक बैठक हुई। जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की रणनीति पर मंथन किया गया।

बैठक की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर गहन चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत ने पदाधिकारियों से कहा कि बूथ और सेक्टर स्तर पर संगठन को जड़ों से मजबूत करें, अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को जोड़ें और हर घर तक पार्टी की नीतियां पहुंचाएं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार वर्मा को निर्देश दिए कि वे बूथ व सेक्टर अध्यक्षों के साथ नियमित बैठकें करें। साथ ही, कार्यकर्ताओं को ‘हर घर पार्टी का झंडा व नेम प्लेट’ अभियान चलाने का आह्वान किया गया।

बैठक में केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा गरीब, शोषित और वंचित वर्गों को लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। वक्ताओं ने एनडीए गठबंधन की उपलब्धियां गिनाते हुए 2027 के चुनाव में गठबंधन की फिर से सरकार बनाने का विश्वास जताया।

इस मौके पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष केडी शर्मा, जिला संगठन मंत्री सुनील बघेल, व्यापार मंच जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह, चिकित्सा मंच जिलाध्यक्ष रवि लोधी, अजीत अंबेडकर, धीरेंद्र चौधरी, रवि खान, जमुना प्रसाद, राहुल शर्मा, रईस कुरैशी, मनीष यादव, नीतू सारस्वत, विक्रम सिंह, राजकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share the news