हाथरस। बारिश की बूंदें थमीं और रात का सन्नाटा छाया, तभी नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने शहर की सड़कों पर औचक दस्तक दे डाली। रात के अंधेरे में पालिकाध्यक्ष ने न सिर्फ नालियों का मुआयना किया, बल्कि सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति तक गिनी। उन्होंने जलभराव वाले इलाकों को बारीकी से परखा और सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्वेता चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि बरसात के मौसम में सफाई में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी पर विशेष ध्यान देने के साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाह कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होगी, वहीं बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को रात्रिकालीन निरीक्षण जारी रखने और हर वार्ड की सफाई पर पैनी नजर रखने के आदेश दिए, ताकि मानसून में शहर जलभराव और गंदगी से मुक्त रहे। पालिका सूत्रों के अनुसार, अब लगातार निगरानी अभियान चलाया जाएगा, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
