हाथरस। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल 23 जून को हाथरस जनपद का दौरा करेंगे। करीब 80 मिनट के इस दौरे में वह सलेमपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे  जिले को लगभग 486 करोड़ रुपये की 125 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:35 बजे सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह मुख्य कार्यक्रम स्थल का रुख करेंगे, जहां सुबह 10:45 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित सभा को सम्बोधित करेंगे । इस दौरान वे लगभग 235 करोड़ की 78 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा लगभग 251 करोड़ की 47 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे ।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। पिछले दो तीन दिनों से मंडल एवं जोन के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी जनपद के जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन एवं पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर कड़े सुरक्षा घेरे की रूपरेखा तैयार की है । सुरक्षा के लिए विशेष दस्ता और एनएसजी कमांडो की तैनाती की जा रही है। इसके साथ ही भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम की तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *