हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 23 जून को जनपद आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने नगरवासियों, क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं, सम्मानित नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य बनाने की अपील की है।
नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा है कि सुशासन, सुरक्षा, विकास एवं जनकल्याण की नई ऊंचाइयों को स्थापित करने वाले मुख्यमंत्री, जन-जन के प्रेरणास्रोत एवं करोड़ों कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक योगी आदित्यनाथ का आगमन हाथरस के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर उनका आत्मीय स्वागत करें तथा इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बनें।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सिकंदराराऊ रोड स्थित सलेमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में सुबह 10 बजे से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान वे लगभग 486 करोड़ रुपये की 125 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे तथा सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
