हाथरस। पिछड़ा वर्ग के युवाओं को रोजगारपरक बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एक सुनहरा अवसर दिया है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि विभाग द्वारा कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र अभ्यर्थियों को ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ (CCC) प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह प्रशिक्षण भारत सरकार की प्रतिष्ठित संस्था ‘नीलिट’ (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा। इस योजना का लाभ उन बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा, जिन्होंने न्यूनतम इंटरमीडिएट (12वीं) की परीक्षा उत्तीर्ण की हो और उनके माता-पिता/अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 1 लाख रुपये से अधिक न हो।
उन्होंने बताया है कि इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून, 2026 से 10 जुलाई, 2026 तक योजना के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों (संलग्नकों) के साथ 10 जुलाई, 2026 को शाम 5:00 बजे तक कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कमरा नंबर 208, विकास भवन, हाथरस में जमा करनी होगी। बिना हार्डकॉपी के आवेदन निरस्त माना जाएगा।
योजना की पूरी जानकारी, पात्रता, समय-सारिणी और आवेदन प्रक्रिया विभागीय वेबसाइट https://backwardwelfare.up.gov.in तथा योजना के विशेष पोर्टल http://obccomputertraining.upsdc.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने सभी पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन करने और इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
