हाथरस। एसोसिएशन ऑफ़ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स की एक बैठक महिला इकाई की निवर्तमान जिलाध्यक्ष वर्षा वार्ष्णेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण वार्ष्णेय, राष्ट्रीय प्रवक्ता देवेंद्र गोयल, जिलाध्यक्ष उपवेश कौशिक, जिला महासचिव शैलेन्द्र सांवलिया की देखरेख में एडीएचआर की महिला विंग का चुनाव संपन्न हुआ। बैठक में महिला विंग की निवर्तमान जिलाध्यक्ष वर्षा वार्ष्णेय ने अपने कार्यकाल का ब्यौरा संगठन के पदाधिकारियों के समक्ष रखा। इस पर संगठन के पदाधिकारियों ने उनके कार्यकाल में संगठन द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।
बैठक में संगठन की वरिष्ठ पदाधिकारी कविता गोयल ने सत्र 2025-27 के जिलाध्यक्ष के लिए सोनल अग्रवाल, सचिव के लिए पूजा वार्ष्णेय और कोषाध्यक्ष के लिए शालिनी अग्रवाल राया वाले के नाम का प्रस्ताव रखा। कविता गोयल द्वारा रखे गए प्रस्ताव का उपस्थित पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की। निवर्तमान जिलाध्यक्ष वर्षा वार्ष्णेय ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पटका पहनाकर बधाई दी। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने महिलाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में सुधार लाने और उन्हें समानता का दर्जा दिलाने के लिए कार्य करने का आश्वासन दिया।