हाथरस। सपा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए विवादित बयान के विरोध में विभिन्न हिन्दू संगठनों में आक्रोश फ़ैल गया। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू महासभा व बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में संगठन के कार्यकर्ताओं ने सासनी गेट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए सपा सांसद का पुतला फूंका। इससे पूर्व संगठन के कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद के पुतले को चप्पल जूतों से पीटकर अपने आक्रोश का इजहार किया। इस मौके पर हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कहा कि राणा सांगा एक महान देशभक्त व प्रतापी राजा थे। परन्तु रामजीलाल सुमन गलत इतिहास पढ़कर उनका अपमान कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में कोई भी ऐसा करेगा तो उसे कड़े विरोध का सामना करना पड़ेगा। इस मौके पर गौ सेवक विशाल पंडित, राहुल उपाध्याय सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।