हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी द्वारा आज आगरा रोड स्थित शहीद पार्क में वीर क्रांतिकारी अमर शहीद पंडित चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर पूर्व विस्तारक संजीव गोयल ने कहा कि पंडित चंद्रशेखर आजाद का जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और बलिदान की सर्वोच्च मिसाल है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि देश का प्रत्येक युवा उनके साहस, त्याग और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन में उतारे। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सदैव राष्ट्रहित, सामाजिक न्याय और जनअधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
नगर के प्रसिद्द समाजसेवी एवं पार्टी के जिला महासचिव व प्रभारी निशांत उपाध्याय ने कहा कि आजाद का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और अदम्य साहस का प्रतीक है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
जिला सचिव प्रदीप शर्मा ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान क्रांतिकारियों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
