हाथरस। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित नीट पुनर्परीक्षा रविवार को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सम्पन्न कराई गई। परीक्षा के लिए कुल 1188 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा का आयोजन नगर क्षेत्र के सरस्वती इंटर कॉलेज, सेठ फूलचंद बागला पीजी कॉलेज, श्री अक्रूर इंटर कॉलेज तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में किया गया।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद प्रवेश दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षार्थियों के जूते-चप्पल उतरवाकर भी जांच की गई तथा महिला अभ्यर्थियों के बालों के जूड़े खुलवाकर और आभूषण उतरवाकर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
परीक्षा के दौरान कई अभ्यर्थियों ने पिछली परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक प्रकरण को लेकर नाराजगी व्यक्त की।
अभ्यर्थियों का कहना था कि ऐसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं और परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं। परीक्षा केंद्र पर पहुंचे कई छात्रों ने उम्मीद जताई कि इस बार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न होगी।
प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए 8 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 4 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 1 जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। निर्धारित समय के बाद पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया।
Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *