हाथरस। ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स सोमवार को तहसील हाथरस क्षेत्र के ग्राम नगला अनीगढ़ी और संटीकरा पहुंचे। उन्होंने खेतों में जाकर बर्बाद हुई गेहूं, सरसों व अन्य फसलों का निरीक्षण किया और प्रभावित किसानों से मौके पर ही संवाद स्थापित किया।

डीएम ने ग्रामीणों को समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। किसानों ने बताया कि असमय हुई भारी बारिश और ओलों ने पूरी साल की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेत में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे करने के सख्त निर्देश संबंधित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए। प्रत्येक पीड़ित किसान का विवरण सही ढंग से दर्ज किया जाए। किसी भी पात्र किसान को राहत सहायता से वंचित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में फसल क्षति रिपोर्ट तैयार कर पोर्टल पर समयबद्ध ढंग से फीड करने के निर्देश भी दिए।

डीएम अतुल वत्स ने किसानों को आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जल्द से जल्द सर्वे पूरा कर पात्र किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर, कृषि अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी समेत सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *