हाथरस। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के लिए तीन दिवसीय लिखित परीक्षा का आगाज हो गया है। प्रथम दिवस की प्रथम पाली की परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
डीएम और एसपी ने सबसे पहले रामबाग इंटर कॉलेज और श्री अक्रूर इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम को बारीकी से देखा। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों में बैठे अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर वहां की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने हर कक्ष में पर्याप्त रोशनी, बैठने की व्यवस्था और शांत वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि जनपद में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण और स्वच्छ वातावरण में संपन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु और बढ़ती गर्मी को देखते हुए हर केंद्र पर पेयजल, शेड (छाया) की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीम भी तैनात है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में अभ्यर्थियों को तुरंत इलाज मिल सके।
डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर पीने का पानी, उचित प्रकाश और बैठने की व्यवस्था को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। उनका कहना था कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर, अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सदर, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और सभी केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
