हाथरस। श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हर पात्र श्रमिक तक पहुंचाया जाए।
बैठक में डीएम ने कहा कि अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाए और जिनका पंजीकरण समाप्त हो चुका है, उनका नवीनीकरण प्राथमिकता पर किया जाए, ताकि वे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कारखानों और फैक्ट्रियों के संचालकों से समन्वय स्थापित कर श्रमिक पंजीकरण के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पंजीकरण का मुख्य उद्देश्य यह है कि भविष्य में किसी दुर्घटना या अनहोनी की स्थिति में श्रमिक या उनके परिजनों को जीविकोपार्जन के लिए आर्थिक सहायता दी जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों का निरीक्षण करें और सुनिश्चित करें कि सभी श्रमिकों का पंजीकरण हो चुका है और उन्हें सुरक्षा मानकों के अनुरूप काम करने की सुविधाएं मिल रही हैं।
डीएम ने कहा कि श्रमिकों का पंजीकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें।
बैठक में श्रम प्रवर्तन अधिकारियों ने विभागीय कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पेश की। डीएम ने समीक्षा के बाद जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए सभी अधिकारियों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी से काम करने को कहा।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।
