हाथरस। आज जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में हाथरस के मोहनगंज स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खुशी में विजय जुलूस निकाला गया तथा मिठाई वितरित कर खुशी मनाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह छात्रों के लंबे संघर्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाई गई आवाज़ की जीत है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं विवेक उपाध्याय ने कहा कि देश के लाखों छात्रों की आवाज़ को दबाने का हर प्रयास अंततः विफल हुआ। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही छात्रों के न्यायपूर्ण संघर्ष के साथ खड़ी रही। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद से लेकर सड़क तक छात्रों के मुद्दों को मजबूती से उठाया। यह केवल किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि छात्र शक्ति, लोकतंत्र और सत्य की जीत है। कांग्रेस आगे भी युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।
कांग्रेस के शहराध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि आज का विजय उत्सव छात्रों के संघर्ष और कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। जब भी युवाओं के भविष्य पर संकट आएगा, कांग्रेस उनके साथ सबसे आगे खड़ी मिलेगी। कांग्रेसी छात्र-युवा साथियों को इस लोकतांत्रिक जीत की बधाई देते हैं और उम्मीद करते हैं कि भविष्य में सरकार छात्रों के हितों के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं करेगी।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष करुणेश मोहन दीक्षित, मैनपुरी कोऑर्डिनेटर अवधेश बख्शी, पूर्व राष्ट्रीय सचिव किसान कांग्रेस अजीत गोस्वामी, जिला प्रवक्ता डॉ मुकेश चंद्रा, जिला कोषाध्यक्ष संजीव अंधीवाल, जिला महासचिव प्रभात शंकर, जिला महासचिव कपिल सिंह, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार सारस्वत, जिला महासचिव श्रीकृष्ण एडवोकेट, शहर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र गांधी, शहर उपाध्यक्ष डॉ प्रमोद, शहर महासचिव जुनेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
