हाथरस। राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत जनपद के 492 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित मंचासीन रहे।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि पात्र लाभार्थियों का चयन ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर किया गया और उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपकरण तैयार कराए गए। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में 492 लाभार्थियों को चिन्हित कर 2,656 सहायक उपकरण दिए जा रहे हैं।
विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर एवं विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के जीवन में आत्मविश्वास एवं सुविधा आएगी।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनसुनवाई की व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को तहसील एवं विकास खंड स्तर पर शिकायतों का निस्तारण किया जाता है।
कार्यक्रम में कुल 2,656 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें 288 फोल्डिंग व्हील चेयर, 451 वॉकिंग स्टिक, 270 श्रवण यंत्र, 852 घुटने की बेल्ट, 468 कमर की बेल्ट सहित अन्य उपकरण शामिल रहे।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारी, लाभार्थी आदि उपस्थित रहे।
