1 min read

हाथरस। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कैला फार्म हाउस पर गरीब एवं असहाय परिवारों की 214 पुत्रियों का विधि-विधान पूर्वक सामूहिक विवाह संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने नवदम्पत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनकल्याणकारी योजना है। योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता को दूर करने की सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है।

विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की एक अत्यंत संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी पहल है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। पूर्व में आर्थिक तंगी के कारण अनेक गरीब परिवार अपनी बेटियों का विवाह समय पर कराने में कठिनाइयों का सामना करते थे। ऐसे परिवारों की पीड़ा को समझते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को और अधिक प्रभावी बनाया है।

विधायक सिकंदराराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि सरकार द्वारा योजना के अंतर्गत प्रदान की जाने वाली आर्थिक सहायता में वृद्धि कर इसे एक लाख रुपये तक किया गया है, जिससे गरीब परिवारों को बड़ी सहायता मिल रही है।

उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण एवं गरीब परिवारों के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में 60 हजार रुपये अनुदान, 25 हजार की उपहार सामग्री एवं 15 हजार आयोजन व्यय सहित कुल एक लाख रुपये की व्यवस्था शासन द्वारा की गई है।

इस अवसर पर अपना दल के जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वि/रा प्रशांत तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ सरिता, जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्य, जिला विकास अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share the news