1 min read

हाथरस। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान जनपद से होकर गुजरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से केला फॉर्म हाउस के मीटिंग हॉल में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि एवं विधायकों ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, विशेषकर महिला कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सभी कांवड़ शिविरों एवं प्रमुख स्थानों पर हेल्पलाइन नंबरों के पोस्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालु तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। जनप्रतिनिधियों ने शिविरों, सार्वजनिक शौचालयों यथा पेट्रोल पंपों आदि पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा पेयजल, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद में कांवड़ यात्रा के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अलीगढ़-आगरा मार्ग तथा कासगंज-मथुरा मार्ग जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्ग हैं, जिन पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 32 कांवड़ सेवा शिविरों को अनुमति प्रदान की गई है। विद्युत पोलों को पॉलीथिन से सुरक्षित ढकने, प्रमुख ब्लैक स्पॉट स्थलों पर हाई मास्ट लाइट लगाने तथा संपूर्ण मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि कांवड़ सेवा शिविरों में कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। प्रमुख शिवालयों एवं कांवड़ शिविरों में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। मुख्य मार्गों पर नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित कर निरंतर निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मार्गों से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही भी लगातार की जा रही है। संपूर्ण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी जोन एवं सेक्टरवार निर्धारित की गई है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ शिविरों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती तथा प्रमुख स्थलों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती जोन एवं सेक्टरवार की गई है। प्रमुख मार्गों पर पुलिस की निरंतर गश्त रहेगी तथा आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रमुख मंदिरों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

बैठक में विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंद्राराऊ वीरेन्द्र सिंह राणा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news