हाथरस। महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से तहसील सदर सभागार में महिला जनसुनवाई, नारी चौपाल एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अनूप प्रधान बाल्मीकि की उपस्थिति तथा उप्र राज्य महिला आयोग की सदस्या मीना कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
सांसद अनूप वाल्मीकि ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप महिला-बालिका सुरक्षा के प्रति गंभीरता लानी होगी और उन्हें आगे बढ़ाने के अवसर प्रदान करने होंगे। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा के 2 सहित उत्पीड़न एवं अन्य समस्याओं से जुड़े कुल 5 प्रकरण प्राप्त हुए। सदस्या मीना कुमारी ने प्रत्येक मामले की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके।
बैठक में राज्य महिला आयोग की सदस्या ने महिला थाना स्तर पर प्राप्त प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की और महिला थानाध्यक्ष को लंबित मामलों का प्राथमिकता से शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा व सम्मान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, सभी विभाग समन्वय, संवेदनशीलता व तत्परता से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र महिलाओं तक उनका प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने तथा उत्पीड़न मामलों में परामर्श, संरक्षण एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष, महिला कल्याण विभाग से संरक्षण अधिकारी, केस वर्कर, जेंडर स्पेशलिस्ट, आउटरीच वर्कर, पी.एल.वी. सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
1 min read
