1 min read
जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय

हाथरस। जनपद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया जाता है, जिसमें पहली बार गर्भवती महिला को दो किस्तों में पांच हजार रुपये तथा दूसरी बार गर्भवती होने पर बालिका जन्म होने पर छह हजार रुपये की धनराशि सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में जनपद की अधिकतर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा फॉर्म भराए जा रहे हैं, परंतु जनपद स्तर से समीक्षा करने पर यह पाया गया कि 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस वित्त वर्ष में अब तक अपने क्षेत्र के किसी भी पात्र लाभार्थी का पंजीकरण नहीं कराया है। ऐसी सभी कार्यकर्तियों को नोटिस जारी कर निर्देशित किया गया है कि यदि इस माह के अंत तक उनके द्वारा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण नहीं किया जाता है, तो उनके विरुद्ध मानदेय रोकने तथा आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अपनी समीक्षा में यह स्पष्ट निर्देश दिया था कि जो कार्यकर्ती इस योजना के तहत पंजीकरण नहीं कराती, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। इन्हें बार-बार निर्देशित करने के बाद भी लापरवाही बरती गई, जिसके चलते यह अंतिम चेतावनी जारी की गई है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने जनसामान्य से अपील की है कि क्षेत्र की सभी पात्र गर्भवती महिलाएं अपने आंगनबाड़ी केंद्र से संपर्क करके इस योजना के तहत अपना पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें सरकारी योजना का लाभ मिल सके। साथ ही, सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के समस्त पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण 31 जुलाई तक अवश्य करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि जो भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ती इस कार्य में सही ढंग से कार्य नहीं करती, उसके विरुद्ध कार्रवाई हेतु 30 तारीख तक पत्रावली प्रेषित की जाए।

Share the news