1 min read

हाथरस। जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं विवेक उपाध्याय ने अपने तथा जिला महासचिव नवीन उपाध्याय को लगातार पांचवें दिन हाउस अरेस्ट रखे जाने पर गहरी नाराजगी जताई है।

उन्होंने प्रशासन पर बिना किसी लिखित आदेश, वैधानिक नोटिस या अपराध के जनप्रतिनिधियों को उनके घरों में कैद करने का आरोप लगाया है।

उन्होंने सवाल किया कि प्रशासन किसके इशारे पर लोकतंत्र को बंधक बना रहा है और क्या अब जनता की आवाज उठाना तथा विपक्ष का दायित्व निभाना अपराध बन गया है ?

उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराध है तो मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जाए, लेकिन बिना कानूनी आधार के इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचलने का प्रयास प्रतीत होती है।

पं उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि दबाव और दमन से कांग्रेस की आवाज न पहले रुकी है और न आगे रुकेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा और हाउस अरेस्ट जैसी कार्रवाइयां उनके संकल्प को डिगा नहीं सकतीं।

Share the news