हाथरस। अब दूरदराज के गांवों के मरीजों को इलाज के लिए शहर नहीं भटकना पड़ेगा। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, प्रभावी और जनसुलभ बनाने के लिए उदय फाउंडेशन के सहयोग से अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट (मोबाइल हेल्थ वैन) तैयार की गई है। जिलाध्यक्ष प्रेमसिंह कुशवाह, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुडडू, जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस वाहन को रवाना किया।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि इस मोबाइल यूनिट का मुख्य उद्देश्य जनपद के दूरस्थ, ग्रामीण और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं देना है। उन्होंने बताया कि इस वैन में जांच और प्राथमिक उपचार की सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। लोगों को अब घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी।
गौरतलब है कि इस हेल्थ यूनिट की जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी टीम बनाई गई है।
समन्वयक प्रीति कटियार, चिकित्सा अधिकारी डॉ पुलकित बिस्ट, नर्सिंग स्टाफ आकांक्षा व सहायक कर्मचारी महेश की टीम मौके पर मरीजों को इलाज उपलब्ध कराएगी। यह टीम गांव-गांव जाकर निःशुल्क परामर्श, जांच और दवा मुहैया कराएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने कहा कि यह हाथरस के लिए बहुत अच्छी पहल है। एक सामाजिक संस्था का इस तरह स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग करना सराहनीय है। खासतौर पर वे लोग लाभान्वित होंगे, जो किसी कारणवश अस्पताल तक नहीं पहुंच पाते। हमारा संकल्प है कि जनपद के हर व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएं। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, फाउंडेशन के प्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अब इस मोबाइल हेल्थ यूनिट से हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
