हाथरस। विश्व हिंदू परिषद द्वारा तहसील सिकंदराराऊ के मोहल्ला बगिया बारहसैनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में ब्रजकिशोर सर्राफ की अध्यक्षता में भव्य रामोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष ब्रजकिशोर सर्राफ, विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, जिला उपाध्यक्ष कैलाश कूलवाल, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला संगठन मंत्री कपिल और बजरंग दल के विभाग सह संयोजक हर्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कैलाश कूलवाल ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मानव गरिमा, सत्य, धर्म और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। रामराज्य में न्याय, सत्य, धर्म और समता का संपूर्ण साम्राज्य था। राम राज्य में असत्य, अधर्म, अन्याय, अत्याचार और आतंक जैसी आसुरी प्रवृत्तियों का कोई स्थान नहीं था। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम भारतीय संस्कृति के आदर्शवाद का उज्ज्वल प्रतीक हैं। वे माता-पिता, गुरु और प्रजा की आज्ञा का पालन करते हैं, बड़ों का सम्मान और छोटों को स्नेह देते हैं। उन्होंने सदा समता और संतुलन का व्यवहार रखा। राज्य मिलने पर हर्षित नहीं हुए और वनवास मिलने पर दुखी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि श्रीराम की मित्रता अनुकरणीय थी। उन्होंने जाति, वर्ग और समाज की सीमाओं से ऊपर उठकर मित्रता की मिसाल पेश की। केवट, सुग्रीव, निषादराज और विभीषण से उनके संबंध दर्शाते हैं कि सच्ची मित्रता जाति-पाति से परे होती है। भगवान राम ने अपने मित्रों के लिए कई कष्ट सहे और अपनी मित्रता का सच्चा परिचय दिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रखंड मंत्री पवन वार्ष्णेय ने किया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के संभ्रांत नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *