1 min read

हाथरस। श्री अग्रवाल सभा के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मियाँ शुरू हो गई हैं। सभा के चुनाव विधिवत संपन्न कराने के लिए चुनाव समिति गठित कर दी गई है, जिसने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव समिति के रामअवतार अग्रवाल एडवोकेट, विजय कृष्ण गर्ग, राकेश बंसल हींग वाले, दीपेश अग्रवाल सर्राफ तथा देवेंद्र गोयल रंग वालों ने बताया कि समिति द्वारा निर्वाचन के लिए आवश्यक नियम एवं जानकारी जारी कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि नियमों के अनुसार मतदान 16 अगस्त को आयोजित होगा, जबकि नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 1 अगस्त निर्धारित की गई है। एक अग्रबंधु केवल एक ही पद के लिए नामांकन कर सकता है। उन्होंने बताया कि केवल वही व्यक्ति मतदान का पात्र होगा, जिसका स्वयं या अपनी फर्म का नाम मतदाता सूची में हो और जिसकी आयु 18 वर्ष से अधिक हो। मतदान स्थल पर प्रवेश के लिए चुनावी प्रवेश पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा, जो किसी अन्य सदस्य को हस्तांतरित नहीं किया जा सकता।

नामांकन के साथ निर्धारित राशि जमा करनी होगी, जो किसी भी दशा में वापस नहीं की जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए 35 वर्ष से अधिक आयु अनिवार्य होगी। सभा के अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, मंत्री एवं संयुक्त मंत्री पदों पर चुनाव आयोजित होंगे। किसी भी आपत्ति की स्थिति में चुनाव समिति का निर्णय अंतिम और मान्य होगा।

Share the news