1 min read

हाथरस। जनपद के थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने ग्राम पहाड़पुर में हुई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशान देही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टेंचिया) भी बरामद कर ली है। मृतक जगदीश प्रसाद शर्मा अकेले रहते थे, जिनकी हत्या उनके ही सगे भतीजे कपिल शर्मा ने पारिवारिक विवाद और रुपयों के लेन-देन के चलते की थी।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में गठित पांच टीमों ने तकनीकी और धरातलीय साक्ष्यों के आधार पर यह सफलता प्राप्त की। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने टीम के उत्साहवर्धन हेतु 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना हाथरस जंक्शन पर विधिक कार्यवाही की जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने कुबूल किया कि ट्रैक्टर के पैसों को लेकर हुए विवाद और ताऊ द्वारा दी गई गालियों से क्षुब्ध होकर उसने सोते समय सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी जान ले ली। जिसके बाद वह घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया था।

Share the news