हाथरस। जनपद हाथरस के विकास खण्ड सासनी की ग्राम पंचायत विलखौरा कलाँ निवासी नूरवानो पत्नी अल्लाराजी खाँ के लिए पक्का घर का सपना कभी असंभव प्रतीत होता था। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर थी और पति-पत्नी दोनों दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह गुजर-बसर कर रहे थे। उनका कच्चा मकान बरसात में टपकता था और हर मौसम में उन्हें असुरक्षा एवं कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्रता के आधार पर नूरवानो का चयन किया गया। योजना के तहत उन्हें तीन किश्तों में कुल 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। इस आर्थिक सहयोग ने उनके वर्षों पुराने सपने को हकीकत में बदल दिया और उन्होंने अपना सुरक्षित एवं मजबूत आवास बनवा लिया।
आवास निर्माण के दौरान उन्हें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत 90 मानव दिवस का रोजगार भी मिला, जिससे उन्हें 21,330 रुपये की अतिरिक्त मजदूरी प्राप्त हुई। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 12 हजार रुपये की लागत से उनके घर में शौचालय का निर्माण कराया गया। इससे परिवार को खुले में शौच की विवशता से मुक्ति मिली और स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा।
अब नूरवानो का परिवार अपने पक्के घर में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर जीवन व्यतीत कर रहा है। पहले जहां हर बरसात चिंता का कारण बन जाती थी, वहीं अब परिवार निश्चिंत होकर अपने घर में रह रहा है। योजना के लाभ से उनके जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है और परिवार में नई आशा एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ है।
नूरवानो ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उन्हें केवल एक पक्का घर ही नहीं दिया, बल्कि उनके परिवार को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का विश्वास भी प्रदान किया है। उन्होंने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
