हाथरस। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ का जनपदीय अधिवेशन अलीगढ़ रोड स्थित नहर पोपिया कोठी, सिंचाई खंड कार्यालय परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिवेशन में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी रही और सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
निर्वाचन में शारिक हुसैन को जनपद अध्यक्ष चुना गया। सुमित लाल उपाध्यक्ष, रवि कुमार जनपद सचिव तथा विष्णु कुमार जनपद वित्त सचिव निर्वाचित घोषित किए गए। सर्वसम्मति से हुए चुनाव ने संगठन की एकजुटता को दर्शाया।
अधिवेशन में मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार और मंडल उपाध्यक्ष ओम प्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और विभागीय समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने की अपेक्षा जताई।
बैठक में संगठन की मजबूती, विभागीय चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में अरुणा गौतम, पंकज शर्मा, तरुण कुमार, राकेश कुमार प्रभाकर, आबिद सिद्दीकी, अजय कुमार, किशन मिश्रा, मनोज कुमार रवि, अंकित यादव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
चुनाव के बाद जनपद सचिव रवि कुमार ने निर्वाचन परिणाम की सूचना जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड तथा प्रांतीय अध्यक्ष लखनऊ को प्रेषित कर दी। पदभार ग्रहण के बाद अध्यक्ष शारिक हुसैन ने कहा कि वे संगठन के दायित्वों का निष्ठा से निर्वहन करते हुए इंजीनियरों के हितों और विभागीय कार्यक्षमता में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
1 min read
