हाथरस/सासनी। लम्बे इन्तजार के बाद सासनी नानऊ मार्ग का निर्माण कार्य तो शुरू हुआ लेकिन लोगों द्वारा इसके निर्माण में मानक के विपरीत कार्य किए जाने की शिकायतें की जा रही थीं। शुक्रवार को सांसद अनूप प्रधान मौके पर पहुंच गए।
लगभग आधा किमी पैदल चलकर सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को जांचा। सड़क निर्माण में मानक के विपरीत कार्य को देखकर सांसद का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके से ही लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों को फोन कर नाराजगी जाहिर की। सांसद ने बताया कि लगभग 19 करोड़ की लागत से बन रही इस सड़क को साढ़े पांच मीटर चौड़ा किया जाएगा। सासनी किला तिराहे से हाथरस सीमा तक लगभग 12 किमी लम्बाई में इस सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को मानक के अनुरूप सड़क निर्माण का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ सांसद प्रतिनिधि संदीप जादौन, भाजपा मंडल अध्यक्ष आकाश सेंगर, पूर्व मंडल अध्यक्ष ध्रुव शर्मा, अविनाश तिवारी, प्रेम सिंह कुशवाहा, हरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।