1 min read

हाथरस। नशामुक्त समाज की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाते हुए हाथरस पुलिस ने ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 31 लाख 6 हजार 500 रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जो एक मार्च से 31 मई 2026 तक प्रदेश भर में जारी है।

पुलिस ने जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 48 आपराधिक अभियोगों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया। लंबे समय से थानों के मालखानों में जमा ये पदार्थ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ नष्ट किए गए। सभी जब्त पदार्थों को आगरा के एत्मादपुर स्थित अधिकृत वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में ले जाकर वैज्ञानिक तरीके से नष्ट कराया गया।

इस दौरान कुल लगभग 11.427 किलोग्राम मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया। नष्ट किए गए पदार्थों में नशीला पाउडर, स्मैक, गांजा, चरस, डोडा और अफीम शामिल रहे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी अनुमानित कीमत 31 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

Share the news