1 min read

हाथरस। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत पीबीएएस इंटर कॉलेज के केंद्रीय हॉल में निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. नीरज गोयल ने किया।

प्रतियोगिताओं में विधानसभा हाथरस क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 30 तथा निबंध लेखन प्रतियोगिता में 27 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को वर्तमान में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों, विशेषकर नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। जिन पात्र नागरिकों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए जागरूक करने की अपील की।

माध्यमिक विद्यालय स्तर पर जनपद के नोडल अधिकारी रण सिंह ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता बसंत कुमार सिंह ने किया। उन्होंने लोकतंत्र में मतदान की महत्ता तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रतियोगिताओं के समापन पर उप जिलाधिकारी सदर शुभेंद्र गोपाल ने परिणाम घोषित किए। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों को आगामी निर्वाचन में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर तहसीलदार विदित कुमार ने भी वर्तमान मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की।

निबंध लेखन प्रतियोगिता माध्यमिक स्तर में कन्या इंटर कॉलेज सासनी की रिया गुप्ता ने प्रथम, श्री रामबाग इंटर कॉलेज की अनन्या परिहार ने द्वितीय एवं सरस्वती इंटर कॉलेज के विनय शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता महाविद्यालय स्तर में पीसी बागला डिग्री कॉलेज की डौली ने प्रथम, पीसी बागला डिग्री कॉलेज की प्रियंका ने द्वितीय एवं आरपीएम डिग्री कॉलेज की यशस्विनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता माध्यमिक स्तर में कन्या इंटर कॉलेज सासनी की तन्वी ने प्रथम, जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज के भवनाथ ने द्वितीय एवं पीबीएएस इंटर कॉलेज के लवकुश शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता महाविद्यालय स्तर में पीसी बागला डिग्री कॉलेज की टीना पचौरी ने प्रथम, पीसी बागला डिग्री कॉलेज की रेनू सिंह ने द्वितीय एवं आरपीएम डिग्री कॉलेज के आशीष सिंह चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में अरविंद कुमार चौहान, चंद्रगुप्त मौर्य, डॉ. गोपाल प्रसाद, श्रीमती कमलेश, सुरेंद्र कुमार, डॉ. मनोज शर्मा, चंद्र प्रकाश, संजय प्रकाश, हरिनंदन, गौरव, सुश्री लावण्या एवं सत्येंद्र का उल्लेखनीय योगदान रहा।

Share the news