हाथरस। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर जनपद में बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा व मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से विशेष प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसे खत्म करने के लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित वातावरण पाने का अधिकार है। बाल श्रम से मुक्त समाज बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
जागरूकता वाहन जनपद के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर बाल श्रम निषेध से जुड़े संदेशों का प्रचार-प्रसार करेगा। लोगों को बाल श्रम के दुष्प्रभावों और कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया जाएगा। अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की जाएगी कि वे किसी भी बच्चे से काम न कराएं और बाल श्रम की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को तुरंत सूचित करें।
इस अवसर पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
