हाथरस। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ वेद प्रकाश ने शनिवार दोपहर सिकंदराराऊ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ को जानकारी दी गई कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत ओपीडी में आए सभी 337 मरीजों का आभा आधारित पंजीकरण पूर्ण कराया जा चुका है। इस दौरान प्रसूति वार्ड में भर्ती दो प्रसूताओं से अस्पताल के सेवाओं के बारे में फीडबैक लेने पर दोनों ने संतोषजनक प्रतिक्रिया दी। साथ ही किसी भी मरीज को निजी दुकान से दवाएं खरीदने के लिए नहीं कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में तैनात सभी कार्मिक अपनी ड्यूटी पर पाए गए। इस दौरान ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट और फार्मेसी में कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर सीएमओ ने चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल सफाई कराने के निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रतिदिन कम से कम दो बार अस्पताल का भ्रमण कर साफ-सफाई सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त सीएमओ को अस्पताल में लगा वाटर कूलर एक सप्ताह से खराब मिला, जिसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

