हाथरस। आगामी 28 जून 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, मंच, पंडाल, पेयजल, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। दोनों अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
