हाथरस। ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण श्री दाऊजी महाराज मेले के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट में अहम बैठक की। बैठक में मेले की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और विभिन्न सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने पिछले वर्षों में आयोजित मेले की व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों, धनराशि के उपयोग और टेंडर प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस वर्ष प्रस्तावित मेले के लिए स्थलीय निरीक्षण जरूर करें और वास्तविक स्थिति से अवगत कराएं, ताकि कार्यों की रूपरेखा सही ढंग से तैयार की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, वरिष्ठ कोषाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
