हाथरस। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गांव-गांव पहुंचा जनजागरूकता अभियान। विकासखंड मुरसान की ग्राम पंचायतों रायक, नगला लच्छी, सैयनपुर और अर्जुनपुर में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम्य विकास) ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने गरीबों का जीवन बदल दिया है। उन्होंने कहा कि अब तक लाखों परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं, महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, और गरीब मरीज पांच लाख तक का मुफ्त इलाज करा रहे हैं।

बैठकों में ग्रामीणों को अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।

इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, ग्रामीण और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और कई का मौके पर निस्तारण किया।

Share the news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *