हाथरस। विकासखंड हाथरस के सभागार कक्ष में सोमवार को ब्लॉक बाल संरक्षण समिति एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ/बाल विवाह टास्कफोर्स की संयुक्त बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे ने कहा कि आज की बेटी किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं है, बस जरूरत है उन्हें सही अवसर प्रदान करने की। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने और महिला सम्मान, सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए प्रयास करने को प्रेरित किया। बैठक में बाल विवाह के दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बाल विवाह की सूचना मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए।
बीएमएम नीलिमा ने स्वयं सहायता समूहों की जानकारी देते हुए महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया।
पुलिस उपनिरीक्षक ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पुलिस विभाग की विभिन्न योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
महिला कल्याण विभाग की डीएमसी मोनिका दीक्षित ने कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल सम्मान कोष, 181 महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय अधिनियम 2015, बालश्रम, स्पॉन्सरशिप, फोस्टर केयर, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 और घरेलू हिंसा कानून की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं व महिलाओं के प्रति सामाजिक भेदभाव खत्म करना है। इस दौरान हेल्पलाइन नंबर 1098 और 112 की भी जानकारी दी गई।
सुपरवाइजर सरोज ने आंगनबाड़ियों को योजनाओं के अधिकाधिक आवेदन कराने और ग्राम बाल संरक्षण समिति की बैठक का कार्यवृत्त प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर महिला कल्याण विभाग से शिवानी, बंटी और हाथरस विकासखंड की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं।
