हाथरस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ग्राम जोगिया स्थित महाराणा प्रताप शाखा का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर कार्यवाह भानु, कार्यक्रम के अध्यक्ष कुशलपाल सिंह एवं जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा ने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा ने उपस्थित स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शाखा संघ का मूल आधार है। शाखा द्वारा स्वयंसेवकों में संस्कारों और राष्ट्रभक्ति का बीजारोपण किया जाता है। क्षेत्र में शाखा का आयोजन सांस्कारिक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि शाखा से निकला हर स्वयंसेवक अपने नेतृत्व कौशल और सेवाभाव से समाज में सकारात्मक बदलाव लाता है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से स्वदेशी अपनाने, हिन्दू संस्कृति को संरक्षित करने और अधिक से अधिक लोगों को शाखा से जोड़ने का आव्हान किया। कार्यक्रम में गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने कौशल प्रदर्शन कर सभी को अचंभित कर दिया।
इस मौके पर शाखा कार्यवाह प्रेमपाल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर शाखा की गतिविधियों की। कार्यक्रम में सह जिला कार्यवाह आलोक पचौरी, जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर, अमित गौतम, दीपक पवार, जुगनू, अमित ठाकुर, गोपाल पौरुष, जितेंद्र कश्यप आदि संघ के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में जिला गौ सेवा प्रमुख देवेंद्र तोमर ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सह नगर कार्यवाह टिंकू राना ने किया।