1 min read

हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बरवाना में मामूली विवाद के बाद दिनदहाड़े फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि चार युवकों ने तमंचों से गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली उमेश उर्फ छोटू के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि गांव में बाइक सवार एक युवक ने बच्ची को टक्कर मार दी थी। इसी बात को लेकर ग्रामीणों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि युवक ने लोगों को गोली मारने की धमकी दी और कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ लौटकर फायरिंग कर दी। पीड़ित उमेश पुत्र हरीशंकर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि दोपहर करीब 12 बजे वह घर पर बैठा था, तभी चार आरोपी तमंचे लेकर पहुंचे और उस पर गोली चला दी। बचने के लिए भागते समय एक गोली उसके पेट को छूकर निकल गई।

पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले में तहरीर के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है।

Share the news